अब हर पेड़ होगा ‘मां’ को समर्पित – शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान, लगेंगे 2.75 करोड़ पौधे!
छत्तीसगढ़ में हर पौधा अब केवल हरियाली नहीं, बल्कि मां के प्रति श्रद्धा का प्रतीक भी होगा। राज्य में ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के अंतर्गत इस वर्ष रिकॉर्ड 2 करोड़ 75 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इस महत्वाकांक्षी हरित क्रांति की कमान संभाली है उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने। मंत्रालय में आयोजित विशेष समीक्षा बैठक में अभियान की तैयारियों पर गहराई से चर्चा की गई।
जनभागीदारी से सजेगा हरियाली का सपना
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह सिर्फ पौधे लगाने का अभियान नहीं है, बल्कि जनभावनाओं को जोड़ने की पहल है। उन्होंने निर्देश दिए कि जो भी पौधा लगाए, वो उसकी निगरानी और देखभाल का भी जिम्मा ले।
उन्होंने सुझाव दिया कि इंजीनियरिंग कॉलेज, विश्वविद्यालय और अन्य शैक्षणिक संस्थाएं अपने पुराने छात्रों – जो अब समाज में स्थापित हैं – को इस अभियान से जोड़ें। वहीं, नगरीय निकायों को शहर के उद्योगपतियों, व्यापारियों और प्रतिष्ठित नागरिकों के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
वृक्षारोपण सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं
वन मंत्री केदार कश्यप ने वृक्षारोपण अभियान को दीर्घकालीन बनाते हुए कहा कि इस अभियान में अहम भूमिका निभाने वालों को 15 अगस्त और वानिकी दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, 5 जून – विश्व पर्यावरण दिवस को व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कर आम जनता को जोड़ने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर, राष्ट्रीय राजमार्गों, धार्मिक स्थल, जल स्रोतों, माइनिंग ज़ोन, स्कूल परिसर और पर्यटन स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष पौधरोपण के लिए स्थानीय प्रशासन और विभागों को विस्तृत कार्ययोजना के साथ काम करने को कहा।
मिलकर बनाएंगे ‘हरित छत्तीसगढ़’
अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा ने सभी विभागों को समन्वय और सहयोग से काम करने की सलाह दी। बैठक में विभिन्न विभागों ने अपने वृक्षारोपण के क्रियान्वयन संबंधी प्रस्तुतिकरण भी दिए।
पीसीसीएफ अरुण पांडेय ने अभियान की तकनीकी जानकारी साझा की, जबकि लोक निर्माण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, पर्यावरण, पर्यटन, पंचायत और जल संसाधन विभाग सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0