परिवहन सेवाओं का हो रहा आधुनिकीकरण, डिजिटल सुविधाओं से घर बैठे होंगे काम: केदार कश्यप

Transport services are being modernized; digital facilities will enable tasks to be completed from the comfort of home: Kedar Kashyap
 0
परिवहन सेवाओं का हो रहा आधुनिकीकरण, डिजिटल सुविधाओं से घर बैठे होंगे काम: केदार कश्यप

परिवहन सेवाओं का हो रहा आधुनिकीकरण, डिजिटल सुविधाओं से घर बैठे होंगे काम: केदार कश्यप

बलौदाबाजार-भाटापारा में 1.74 करोड़ की लागत से बने जिला परिवहन कार्यालय भवन का लोकार्पण, सोनबरसा जंगल सफारी के लिए 4 नई जिप्सी और डेढ़ करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी

रायपुर, 5 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में परिवहन सेवाओं को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में सरकार लगातार कदम उठा रही है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जन आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए परिवहन कार्यालयों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। परिवहन सेवाओं को डिजिटल किए जाने से लोगों को कई कामों के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी और घर बैठे सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

परिवहन मंत्री सोमवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की ग्राम पंचायत परसाभदेर में 1 करोड़ 74 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर परिवहन मंत्री ने सोनबरसा जंगल सफारी के लिए चार नई जिप्सियों की सौगात दी। इसके साथ ही जंगल सफारी के सौंदर्यीकरण और विभिन्न विकास कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ रुपए की स्वीकृति भी प्रदान की गई।

पांच पैक्स में परिवहन सुविधा केंद्र, 572 लर्निंग लाइसेंस जारी

मंत्री कश्यप ने बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पांच पैक्स में परिवहन सुविधा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक 572 लर्निंग लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पैक्स की भूमिका को और व्यापक बनाया जा रहा है। अब पैक्स केवल धान खरीदी तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि लोगों को अन्य आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विभिन्न सरकारी और नागरिक सेवाओं के लिए दूर जाने की जरूरत कम होगी।

सड़क सुरक्षा पर जोर, बच्चों के दोपहिया चलाने को लेकर अभिभावकों को किया आगाह

परिवहन मंत्री ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देने और दोपहिया वाहन चलाने को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की।

उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने के प्रति अभिभावकों को सजग रहना चाहिए। कम उम्र में वाहन चलाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आधुनिक परिवहन कार्यालय से वाहन मालिकों को मिलेगी राहत

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि जिले में परिवहन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सर्वसुविधायुक्त जिला परिवहन कार्यालय भवन का निर्माण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह कार्यालय लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करेगा।

उन्होंने कहा कि परिवहन सेवाओं के आधुनिकीकरण और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से वाहन मालिकों को राहत मिलेगी। सरकार शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

वाहन चालकों को लाइसेंस और बुजुर्गों को मिले निःशुल्क बस पास

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न हितग्राहियों को परिवहन सुविधाओं से जुड़े लाभ भी प्रदान किए गए। वाहन चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस वितरित किए गए। सुरक्षित यातायात के संदेश के साथ लोगों को हेलमेट भी दिए गए।

इसके अलावा 80 वर्ष से अधिक आयु के 10 बुजुर्गों को निःशुल्क बस पास वितरित किए गए। इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत हुआ पौधरोपण

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत परिवहन मंत्री केदार कश्यप और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने जिला परिवहन कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, प्रमोद कुमार शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

परिवहन सेवाओं का डिजिटलीकरण, ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधा केंद्रों का विस्तार और नए परिवहन कार्यालयों का निर्माण—इन पहलों से सरकार का जोर ऐसी व्यवस्था तैयार करने पर है, जिसमें आम लोगों को परिवहन संबंधी सेवाएं आसान, तेज और सुविधाजनक तरीके से मिल सकें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0