निलंबित पटवारी ने की आत्महत्या, फार्म हाउस में फंदे पर लटका मिला शव
निलंबित पटवारी ने की आत्महत्या, फार्म हाउस में फंदे पर लटका मिला शव
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण में कथित फर्जी दस्तावेजों के मामले में जांच के दायरे में आए और निलंबित किए गए पटवारी सुरेश मिश्रा ने आत्महत्या कर ली। शुक्रवार को उनका शव सकरी थाना क्षेत्र के जोक गांव स्थित एक फार्म हाउस में फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें पटवारी मिश्रा ने अपनी आत्महत्या के कारणों का ज़िक्र किया है। हालांकि, सुसाइड नोट की पूरी जानकारी फिलहाल उजागर नहीं की गई है।
क्या है मामला?
भारतमाला परियोजना के तहत बिलासपुर ज़िले में भूमि अधिग्रहण के दौरान फर्जी दस्तावेज़ों के ज़रिए मुआवज़ा लेने का मामला सामने आया था। इस घोटाले की जांच में कई अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी। इसी सिलसिले में पटवारी सुरेश मिश्रा को कुछ दिन पहले निलंबित किया गया था और उन पर कार्रवाई की तैयारी चल रही थी।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। सुसाइड नोट की जांच के बाद और भी कई खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
सकरी थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की बात सामने आई है, लेकिन तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
परिवार और गांव में मातम का माहौल
घटना के बाद जोक गांव और मिश्रा परिवार में शोक का माहौल है। परिजन घटना से सदमे में हैं और लगातार रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

