कौशल से संवरेंगे सपने: युवाओं को मिलेगा रोजगार, सरकार ने किए 4 बड़े समझौते
छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए रायपुर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नीति आयोग और राज्य सरकार की संयुक्त कार्यशाला का उद्घाटन किया। 'कौशल, रोजगार और आजीविका' विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में युवाओं, महिलाओं और जनजातीय वर्ग के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के कई बड़े निर्णय लिए गए।
कार्यक्रम में कौशल विकास एवं उच्च शिक्षा विभाग द्वारा चार महत्वपूर्ण एमओयू किए गए, जिससे राज्य के युवाओं को नए जमाने के कौशल सिखाकर उन्हें रोजगार योग्य और आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है, और यदि उन्हें उनकी रुचि व क्षमता के अनुसार प्रशिक्षण मिले तो विकसित भारत का सपना जल्द साकार होगा।
ग्रामीण युवाओं के लिए बढ़ेंगे मौके
कार्यक्रम में बताया गया कि सरकार महिंद्रा एंड महिंद्रा के सहयोग से बस्तर और सरगुजा अंचल के ग्रामीण युवाओं को ट्रैक्टर निर्माण की आधुनिक तकनीक सिखाएगी। इसके अलावा इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, मैकेनिक जैसे लोकल डिमांड वाले कौशलों में प्रशिक्षण देने की योजना भी तैयार की जा रही है।
महिलाएं बनेंगी उद्यमी
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण केंद्र शुरू किए जाएंगे। साथ ही जल्द ही राज्य में ई-हब की शुरुआत की जाएगी, जहां नवाचार करने वाले युवाओं को प्रोटोटाइप, फंडिंग और मार्केटिंग की सुविधा मिलेगी।
नीति आयोग का समर्थन
नीति आयोग की प्रोग्राम निदेशक डॉ. सोनिया पंत ने कार्यशाला में कहा कि राज्य समर्थन मिशन के जरिए आदिवासी युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ा जाएगा। साथ ही वन उत्पादों पर आधारित आजीविका को भी मजबूती दी जाएगी।
कौशल विकास के लिए हुए 4 बड़े एमओयू
1. नंदी फाउंडेशन और राज्य कौशल विकास प्राधिकरण:
सामाजिक व आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को रोज़गार योग्य बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम।
2. महिंद्रा एंड महिंद्रा और कौशल विकास प्राधिकरण:
दंतेवाड़ा, बलरामपुर, कोंडागांव के लाइवलीहुड कॉलेजों में ट्रैक्टर मैकेनिक का अल्पकालिक प्रशिक्षण।
3. उच्च शिक्षा विभाग और नैसकॉम:
कॉलेज छात्रों को आधुनिक तकनीक में दक्ष कर उन्हें जॉब सीकर से जॉब प्रोवाइडर बनाने की दिशा में पहल।
4. उच्च शिक्षा विभाग और नंदी फाउंडेशन हैदराबाद:
कॉलेज छात्रों को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर युवा के रूप में तैयार करना।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0