फरीदाबाद में दिल दहला देने वाली घटना: पिता ने चार मासूम बच्चों के साथ ट्रेन के सामने कूदकर दी जान
फरीदाबाद में दिल दहला देने वाली घटना: पिता ने चार मासूम बच्चों के साथ ट्रेन के सामने कूदकर दी जान
फरीदाबाद। दिल्ली-एनसीआर के फरीदाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद से परेशान एक व्यक्ति ने अपने चार नाबालिग बच्चों के साथ मिलकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार को हुई इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। बताया जा रहा है कि पिता ने बच्चों को पार्क ले जाने के बहाने घर से निकाला और रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर सबके साथ ट्रेन के सामने कूद गया।
पत्नी से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बिहार निवासी मनोज महतो (45) के रूप में हुई है। उसकी पत्नी प्रिया के साथ किसी मुद्दे को लेकर बीते कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। गुस्से में आकर मनोज ने बच्चों को पार्क ले जाने का बहाना बनाया और घर से निकल गया।
रेलवे ट्रैक पर दो बच्चों को कंधे पर और दो का हाथ पकड़कर चला था पिता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मनोज महतो स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर अपने दो बच्चों को कंधे पर उठाए और दो बच्चों का हाथ पकड़े हुए चलते देखा गया। इस दौरान जब तेज रफ्तार ट्रेन ट्रैक पर आई तो लोको पायलट ने कई बार हॉर्न भी बजाया, लेकिन मनोज ट्रैक से नहीं हटा। ट्रेन के करीब आने पर उसने अपने चार मासूम बच्चों के साथ ट्रेन के सामने छलांग लगा दी।
ट्रैक पर 50 मीटर तक बिखरे पड़े थे शव
घटना के बाद ट्रेन के लोको पायलट ने तुरंत इसकी जानकारी रेल अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी के डीएसपी राजेश चेची, आरपीएफ इंस्पेक्टर श्रवण कुमार, थाना प्रभारी राजपाल और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस व स्थानीय निवासियों की मदद से शवों को एकत्र कर एंबुलेंस के जरिए बीके अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि शव ट्रैक पर करीब 50 मीटर तक बिखर गए थे।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
फरीदाबाद पुलिस ने घटना के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को ही आत्महत्या की वजह माना जा रहा है। मृतक की पत्नी प्रिया से पूछताछ जारी है। मामले की विस्तृत जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो पाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0