छत्तीसगढ़ में हिस्ट्रीशीटर ‘तोमर ब्रदर्स’ के करीबियों पर पुलिस का शिकंजा, करोड़ों की काली कमाई का हुआ खुलासा

Police tightens its grip on the close aides of history-sheeter 'Tomar Brothers' in Chhattisgarh, black money worth crores exposed छत्तीसगढ़ में हिस्ट्रीशीटर ‘तोमर ब्रदर्स’ के करीबियों पर पुलिस का शिकंजा, करोड़ों की काली कमाई का हुआ खुलासा
 0
छत्तीसगढ़ में हिस्ट्रीशीटर ‘तोमर ब्रदर्स’ के करीबियों पर पुलिस का शिकंजा, करोड़ों की काली कमाई का हुआ खुलासा

छत्तीसगढ़ में हिस्ट्रीशीटर ‘तोमर ब्रदर्स’ के करीबियों पर पुलिस का शिकंजा, करोड़ों की काली कमाई का हुआ खुलासा

रायपुर।छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रदेश के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर और रोहित सिंह तोमर के करीबियों के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए की काली कमाई और निवेश से जुड़े अहम दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस ने यह छापेमारी वीरेंद्र और रोहित तोमर के दो खास सहयोगी — हनुमान वाटिका निवासी ऋषभ सिंह और वॉलफोर्ट निवासी रविंद्र सिंह के मकानों पर सर्च वारंट लेकर की।

छापे के दौरान पुलिस को करोड़ों रुपये की लूट की रकम से किए गए निवेश के दस्तावेज, जमीन सौदों की रजिस्ट्री, बैंक डिटेल्स और कई अन्य सबूत हाथ लगे हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों तोमर ब्रदर्स ने अपनी अवैध कमाई का बड़ा हिस्सा इन्हीं दो सहयोगियों के जरिए रियल एस्टेट, पेट्रोल पंप और अन्य कारोबारों में निवेश कर रखा है।

पेट्रोल पंप में भी काली कमाई का निवेश

सूत्रों के मुताबिक, वॉलफोर्ट निवासी रविंद्र सिंह ने हाल ही में अभनपुर रोड पर एक पेट्रोल पंप खोला है। बताया जा रहा है कि इस पंप में भी वीरेंद्र और रोहित तोमर की लूट की कमाई लगी है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि प्रदेश में किन-किन लोगों के पास इन आरोपियों का पैसा निवेश हुआ है।

तोमर ब्रदर्स के नेपाल कनेक्शन का भी हुआ खुलासा

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वीरेंद्र और रोहित तोमर अपनी फाइनेंस की गाड़ियां और चोरी की जेसीबी, इनोवा जैसी महंगी गाड़ियों को नेपाल भेजते थे। जानकारी के अनुसार, नेपाल में तोमर बंधुओं के रिश्तेदार रहते हैं, जिनके यहां जाकर वे छिपते थे। बीते साल रोहित तोमर भी गोलीकांड के बाद नेपाल में छिपा था। पुलिस ने अब नेपाल एंगल से भी जांच तेज कर दी है।

यूपी में छिपे होने की आशंका, पुलिस टीम रवाना

तोमर ब्रदर्स के यूपी में छिपे होने की भी आशंका है। जानकारी के मुताबिक, दोनों का पैतृक घर प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश में है। वीरेंद्र का ससुराल भी वहीं है। यूपी में इनके परिवार की राजनीतिक पकड़ भी बताई जा रही है, जिसकी वजह से पुलिस को उनके वहीं छिपे होने का शक है। पुलिस की विशेष टीम जल्द ही यूपी रवाना होगी।

पुलिस अफसरों की भूमिका भी जांच के घेरे में

इधर, प्रदेश में वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। सूत्र बता रहे हैं कि कुछ पुलिसकर्मी इन लुटेरे भाइयों की मदद करते रहे हैं। पुलिस महकमे ने ऐसे अफसरों और कर्मचारियों की भी पहचान शुरू कर दी है।

जनता को ईमानदार कार्रवाई की उम्मीद

प्रदेशभर के लोगों की नजर अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है। हर बार ढीली कार्रवाई के चलते इन आरोपियों को छूट मिलती रही है और वे फिर नए अपराधों को अंजाम देते रहे हैं। इस बार जनता को उम्मीद है कि पुलिस पूरी ईमानदारी के साथ इन अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही वीरेंद्र और रोहित तोमर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 2
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0