विदेशी मुद्रा चोरी करने वाला फरार आरोपी नुरूल हुसैन गिरफ्तार, 38 लाख की संपत्ति जब्त
विदेशी मुद्रा चोरी करने वाला फरार आरोपी नुरूल हुसैन गिरफ्तार, 38 लाख की संपत्ति जब्त
रायपुर। देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में लाखों रुपये की विदेशी मुद्रा चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी नुरूल हुसैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना देवेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
इस मामले में पूर्व में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की संपूर्ण रकम 20 हजार डॉलर (भारतीय मुद्रा में करीब 17 लाख 30 हजार रुपये) सहित घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन और एक हेक्टर वाहन जब्त किया है। जब्त कुल संपत्ति की कीमत लगभग 38 लाख रुपये आंकी गई है।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
विदेशी मुद्रा अदला-बदली का काम करने वाली कंपनी जादवानी फॉरेक्स प्रा.लि. के हेड डायरेक्टर सतीश जादवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 जून 2025 को कंपनी के कर्मचारी अमोद गुप्ता ने 20 हजार डॉलर से भरा पार्सल बीके ट्रेवल्स, पुराना बस स्टैंड पंडरी के ऑफिस में नागपुर ब्रांच भेजने के लिए छोड़ा था। अगले दिन नागपुर ब्रांच से सूचना मिली कि पार्सल में डॉलर नहीं हैं।
जांच में पता चला कि पार्सल बदलकर उसमें से डॉलर चोरी कर लिए गए थे। मामले की रिपोर्ट देवेन्द्र नगर थाने में अपराध क्रमांक 109/25, धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज की गई थी।
पहले पकड़े गए थे दो आरोपी
प्रकरण में पहले साहिल गोधवानी (22 वर्ष) निवासी दलदल सिवनी, मोवा और आयरिश जुनैद (22 वर्ष) निवासी दलदल सिवनी, मोवा को गिरफ्तार किया गया था। दोनों के कब्जे से चोरी की रकम समेत घटना से संबंधित चार मोबाइल फोन और वाहन जब्त किया गया था।
ऐसे पकड़ा गया नुरूल हुसैन
वारदात को अंजाम देने के बाद से नुरूल हुसैन (18 वर्ष) निवासी खरसीया, रायगढ़ फरार चल रहा था। पुलिस टीम लगातार उसके ठिकानों पर दबिश दे रही थी। मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने नुरूल हुसैन को दबोच लिया। पूछताछ में उसने वारदात में शामिल होने की बात कबूल कर ली।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में देवेन्द्र नगर थाना प्रभारी जितेन्द्र असैया, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडे, स.उ.नि. अतुलेश राय, प्र.आर. पुष्पराज परिहार, प्रमोद वर्ती, आरक्षक राजेंद्र तिवारी, विक्रम वर्मा, विकास क्षत्री, केशव सिन्हा, बोधन मिश्रा और मनोज सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस का कहना है कि इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए प्रयास जारी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0