कोंडागांव, छत्तीसगढ़: अबूझमाड़ के जंगल में मादा भालू ने दिखाई मां की ताकत, टाइगर को खदेड़ा
कोंडागांव।
छत्तीसगढ़ के घने जंगलों वाले अबूझमाड़ क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला नज़ारा सामने आया है। यहां एक मादा भालू ने अपने बच्चे को बचाने के लिए बाघ (टाइगर) से सीधा मुकाबला कर लिया। यह रोमांचक दृश्य अबूझमाड़ के पांगुड़ जंगल का बताया जा रहा है, जहां नई सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है।
इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने भी इस वीडियो को अपने X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर साझा किया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा – "मां, आखिर मां होती है…"
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाघ सड़क के पास मादा भालू और उसके शावक की ओर बढ़ता है। लेकिन मादा भालू बिना डरे बाघ से भिड़ जाती है और उसे पीछे हटने पर मजबूर कर देती है। यह पूरा दृश्य वहां मौजूद एक स्थानीय ग्रामीण ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि मां के ममत्व और साहस के आगे कोई भी ताकत टिक नहीं सकती – चाहे वह जंगल का राजा ही क्यों न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0