तेलंगाना के जंगलों में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: कर्रेगुट्टा पहाड़ पर महिला नक्सली ढेर, अब तक 4 की मौत; IED ब्लास्ट में कमांडेंट घायल
भूपालपल्ली (तेलंगाना)।तेलंगाना के भूपालपल्ली जिले के कर्रेगुट्टा पहाड़ पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक महिला नक्सली ढेर हो गई। यह मुठभेड़ मंगलवार को हुई। पिछले 14 दिनों से चल रहे इस सघन ऑपरेशन में अब तक कुल 4 नक्सली मारे जा चुके हैं।
मारे गए नक्सलियों में इस बार एक महिला सदस्य थी, जो प्रतिबंधित CPI (माओवादी) संगठन से जुड़ी थी। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान भारी गोलीबारी हुई, जिसमें महिला नक्सली मारी गई। घटनास्थल से हथियार, विस्फोटक और संगठन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
इसी अभियान के दौरान एक अन्य घटना में IED ब्लास्ट से सुरक्षाबलों के एक कमांडेंट घायल हो गए। घायल अधिकारी को तत्काल एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
तेलंगाना पुलिस और ग्रेहाउंड फोर्स द्वारा चलाए जा रहे इस ऑपरेशन का मकसद राज्य की सीमावर्ती पहाड़ी इलाकों में छिपे नक्सलियों को पकड़ना है। अधिकारी के मुताबिक, अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक इलाके को पूरी तरह नक्सल मुक्त नहीं कर दिया जाता।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0