जांजगीर को 142 साल बाद मिला नया तहसील भवन, मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

 0
जांजगीर को 142 साल बाद मिला नया तहसील भवन, मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

रायपुर/जांजगीर। सुशासन तिहार के तहत आकस्मिक दौरे पर जांजगीर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को जिलेवासियों को एक ऐतिहासिक सौगात दी। 142 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद जिले को नया तहसील कार्यालय भवन मिल गया है। अंग्रेजी शासन काल में 1883 में बना पुराना भवन अब इतिहास बन चुका है। उसकी जगह 4 करोड़ 21 लाख रुपए की लागत से बना आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन जनता को समर्पित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था को सरल और सुगम बनाना सरकार की प्राथमिकता है, और यह नया तहसील भवन इसी दिशा में एक बड़ी पहल है। उन्होंने बताया कि अब 54 गांवों और 24 पटवारी हल्कों के नागरिकों को राजस्व संबंधी सभी सेवाएं एक ही परिसर में मिलेंगी।

एक ही छत के नीचे मिलेंगी ये सुविधाएं

नवीन भवन में लोक सेवा केंद्र से जाति, निवास, आय प्रमाण-पत्र जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। वहीं दस्तावेजों के आदान-प्रदान के लिए आवक-जावक शाखा, न्यायालयीन दस्तावेजों के संधारण हेतु नजीर शाखा, निर्वाचन कार्यों के लिए निर्वाचन शाखा और भूमि व राजस्व अभिलेखों के लिए कानूनगो शाखा स्थापित की गई है।

राजस्व वसूली और आर्थिक प्रबंधन के लिए मालजमादार कक्ष भी बनाया गया है। साथ ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और अन्य अधिकारियों के लिए आधुनिक कक्षों की व्यवस्था की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0