मकान बिक्री के नाम पर ठगी: पिता–पुत्री गिरफ्तार, बेटा फरार
मकान बिक्री के नाम पर ठगी: पिता–पुत्री गिरफ्तार, बेटा फरार
रायपुर। राजधानी में मकान बिक्री के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले पिता–पुत्री को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले में संलिप्त आरोपी का बेटा गिरफ्तारी के डर से फरार है।
मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। बिहार निवासी प्रार्थी अख्तर अली ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि असरफ अली और उसकी पुत्री फिरोजा अली ने उसे मकान बेचने का सौदा 83 लाख रुपये में किया था। इस सौदे के एवज में प्रार्थी ने अब तक 62 लाख 20 हजार रुपये आरोपियों को भुगतान कर दिया था। दोनों पक्षों के बीच 25 जुलाई 2024 को एक इकरारनामा भी गवाहों और नोटरी के समक्ष तैयार किया गया था, जिसके अनुसार 11 माह के भीतर पंजीयन की कार्रवाई होनी थी।
प्रार्थी का आरोप है कि रकम लेने के बाद भी जब उसने पंजीयन के लिए दस्तावेज मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे। यहां तक कि वह खुद रायपुर आकर असरफ अली से मिला और शेष राशि देने की पेशकश करते हुए पंजीयन करने का अनुरोध किया, लेकिन आरोपी मकान बेचने से मुकर गया और धमकी भी दी।
जांच में सामने आया कि आरोपी असरफ अली ने सौदे की रकम में से 3.53 लाख रुपये अपने बेटे असलम अली के बैंक खाते में और 11.50 लाख रुपये बेटी फिरोजा अली के खाते में ट्रांसफर कराए थे। कुल मिलाकर प्रार्थी से आरोपियों ने 62 लाख 20 हजार रुपये वसूले और फिर मकान बेचने से इंकार कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों असरफ अली (71 वर्ष) और उसकी पुत्री फिरोजा अली (32 वर्ष), निवासी खनिज नगर, पुरैना (थाना तेलीबांधा) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, आरोपी का बेटा असलम अली फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
तेलीबांधा पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 545/25 धारा 318(4), 316(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0