बालोद में नकली अल्ट्राटेक सीमेंट का जखीरा पकड़ा गया, आरोपी गिरफ्तार
बालोद में नकली अल्ट्राटेक सीमेंट का जखीरा पकड़ा गया, आरोपी गिरफ्तार
बालोद, 6 जुलाई | छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में अल्ट्राटेक कंपनी का नकली और मिलावटी सीमेंट तैयार कर बेचने का बड़ा मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने छापेमारी कर इस फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे पकड़ा गया मामला
अल्ट्राटेक कंपनी के फील्ड ऑफिसर विशाल मंडल ने अर्जुन्दा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम मोहदीपाट में संचालित वैभव ट्रेडर्स के मालिक विजय चन्द्र धाक अपनी फ्लाई ऐश ब्रिक्स फैक्ट्री में अल्ट्राटेक कंपनी का लोगो और मार्का लगाकर नकली सीमेंट तैयार कर बाजार में बेच रहा है।
शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया और तुरंत छापेमारी की गई।
छापे में जब्त सामान
वैभव ट्रेडर्स की दुकान से अल्ट्राटेक ब्रांड की 25 सीमेंट की बोरियां जब्त की गईं, जिन्हें कंपनी अधिकारी ने नकली बताया।
इसके बाद आरोपी के गांव गब्दी स्थित ईंट भट्टे में छापा मारकर बड़ी मात्रा में फ्लाई ऐश, मिलावटी सीमेंट बनाने की मशीन, प्लास्टिक टब, पाइप, लोहे का एंगल और अल्ट्राटेक कंपनी के 584 खाली बैग बरामद किए गए।
कुल 584 नकली सीमेंट की बोरियां जब्त की गईं, जिन्हें अल्ट्राटेक के मार्का के साथ पैक कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी विजय चन्द्र धाक पिता खेदुराम धाक के खिलाफ अर्जुन्दा थाना में अपराध क्रमांक 106/2025 धारा 318(4) बी.एन.एस., 63, 65 कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसपी योगेश पटेल ने बताया कि जिले में इस तरह के नकली और मिलावटी निर्माण सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं की सुरक्षा और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0