भारी बारिश और भूस्खलन से तबाही: वैष्णो देवी यात्रा स्थगित, जम्मू-कश्मीर व हिमाचल में हालात बिगड़े
भारी बारिश और भूस्खलन से तबाही: वैष्णो देवी यात्रा स्थगित, जम्मू-कश्मीर व हिमाचल में हालात बिगड़े
कटरा/जम्मू/मनाली। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन से हालात गंभीर बने हुए हैं। वैष्णो देवी में अर्धकुमारी के पास लैंडस्लाइड होने से कई लोग घायल हो गए। मौके पर रेस्क्यू जारी है। खराब मौसम को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है।
जम्मू में तवी नदी पर बड़ा हादसा
जम्मू में तवी नदी पर बने पुल के पास सड़क धंसने से कई गाड़ियां नदी में गिर गईं। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं। फिलहाल नुकसान को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट सामने नहीं आया है।
डोडा जिले में बादल फटा, चार लोगों की मौत
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इसमें 10 से 15 घर बह गए। पिछले 24 घंटों में यहां 4 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, किन इलाकों में ये मौतें हुईं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
लगातार तीन दिन से भारी बारिश, स्कूल बंद
जम्मू-कश्मीर में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने दो दिनों के लिए स्कूल बंद कर दिए हैं। जम्मू-श्रीनगर और भटोटे-किश्तवाड़ सहित कई नेशनल हाईवे बंद हो चुके हैं। नेटवर्क बाधित होने के कारण कई जगहों पर इंटरनेट और कॉलिंग सेवाएं भी ठप हो गई हैं।
हिमाचल प्रदेश में भीषण तबाही
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और मनाली में हालात बेहद खराब हैं। यहां 20 से ज्यादा घर, दुकानें और रेस्टोरेंट व्यास नदी और पहाड़ी नालों में बह चुके हैं। नदियों के किनारे बने 30 से ज्यादा घर खतरे में हैं। कुल्लू-मनाली रोड का एक हिस्सा व्यास नदी में बह जाने से मनाली का कुल्लू जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।
मायने
उत्तर भारत में भारी बारिश और भूस्खलन से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। यात्रा, सड़क और संचार व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो चुकी है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0