छत्तीसगढ़ में परशुराम जयंती पर दिखा संस्कृति और विकास का संगम, मुख्यमंत्री ने किए बड़े ऐलान

ज्ञान, संस्कार और सुशासन की मिसाल बना ब्राम्हण समाज:
 0
छत्तीसगढ़ में परशुराम जयंती पर दिखा संस्कृति और विकास का संगम, मुख्यमंत्री ने किए बड़े ऐलान

राजधानी रायपुर के डंगनिया इलाके में भगवान परशुराम जयंती का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री ने भाग लेकर प्रदेशवासियों को बड़ी सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और ब्राम्हण समाज की भूमिका को समाज के लिए मार्गदर्शक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्राम्हण समाज ने सदा समाज को ज्ञान और संस्कार देने का कार्य किया है। भगवान परशुराम को विष्णु का छठवां अवतार बताते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ को भगवान राम का ननिहाल कहा और कहा कि राम हमारे भांजे हैं, इसलिए श्रीराम के प्रति श्रद्धा हमारी परंपरा में रची-बसी है।

उन्होंने जानकारी दी कि ‘श्रीरामलला दर्शन योजना’ के तहत अब तक 22,000 श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही ‘मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना’ भी प्रारंभ की गई है, जिसके तहत श्रद्धालु विभिन्न तीर्थस्थलों की यात्रा सरकारी खर्च पर कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ न केवल ‘धान का कटोरा’ है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर राज्य है, जहां 44% हिस्सा वन क्षेत्र से आच्छादित है। नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई जारी है, और सरकार का लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक राज्य को पूरी तरह नक्सलमुक्त करना है।

राज्य में विकास की दिशा में उठाए गए कदमों का ज़िक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि एक मजबूत ‘विजन डॉक्यूमेंट’ तैयार किया गया है और नई औद्योगिक नीति लागू की गई है। डिजिटलीकरण के ज़रिए भ्रष्टाचार पर नियंत्रण किया जा रहा है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि डेढ़ साल की अवधि में उनकी सरकार ने प्रधानमंत्री की गारंटी को ज़मीन पर उतारा है—चाहे वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर देना हो या किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का समर्थन मूल्य देना। वहीं, बस्तर और सरगुजा में तेंदूपत्ता 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से खरीदकर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में संस्थाओं और प्रक्रियाओं की शुद्धिकरण की प्रक्रिया जारी है। छत्तीसगढ़ निवेश का आकर्षक गंतव्य बन रहा है। उन्होंने पीएससी भर्ती घोटाले की जांच और पारदर्शिता की दिशा में हो रहे कार्यों को भी रेखाकित किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0