"महुआ पेड़ की छांव में सीएम की चौपाल: नवविवाहिताओं को मिलेगा महतारी वंदन योजना का लाभ"
सुशासन तिहार के तीसरे चरण में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को अचानक मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के माथमौर गांव पहुंचे। बिना पूर्व सूचना के सीएम को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने महुआ पेड़ की छांव में लगी चौपाल में मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
सीएम साय ने चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल्द ही नवविवाहिताएं भी महतारी वंदन योजना के तहत लाभान्वित होंगी। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर माह 1000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है। उन्होंने महिलाओं से फीडबैक लेते हुए पूछा कि क्या उन्हें यह राशि समय पर मिल रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए बनाई जाएगी नई सूची
मुख्यमंत्री ने सरपंचों से पीएम आवास योजना के पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। साथ ही राशन दुकान संचालन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की स्थिति पर भी जानकारी ली।
कुवांरपुर को मिलेगा नया विद्युत उपकेंद्र
सीएम ने घोषणा की कि कुवांरपुर में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की जाएगी। साथ ही उन्होंने फुलझर-चंदेला, तिलौली-दर्रीटोला, सनबोरा-पण्डो, कुवांरपुर-गाजर और पटपर टोला-चंदेला मार्ग पर नई सड़कों के निर्माण की बात कही।
बंदोबस्त कैंप और नया तहसील कार्यालय
राजस्व प्रकरणों के त्वरित समाधान के लिए कुवांरपुर में बंदोबस्त कैंप आयोजित होंगे। वहीं, नायब तहसीलदार कार्यालय के भवन निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। माथमौर में सामुदायिक भवन की स्वीकृति से सामाजिक आयोजनों को नई सुविधा मिलेगी।
जनकपुर में 100 बिस्तरों वाला अस्पताल
मुख्यमंत्री ने बताया कि जनकपुर में 100 बिस्तरों वाले अस्पताल की मंजूरी मिल चुकी है, जिसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इससे आदिवासी अंचल के लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
विद्यार्थियों को किया सम्मानित
सीएम ने कुवांरपुर के सरकारी स्कूल के उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया जिन्होंने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने बच्चों से करियर की योजनाओं पर चर्चा की और स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0