रायपुर इंडियन कॉफी हाउस के खिलाफ शिकायत दर्ज,धार्मिक भावनाओं को ठेस, अधिवक्ता ने लगाए गंभीर आरोप..
इंडियन कॉफी हाउस में वेज-नॉनवेज साइन बोर्ड नहीं लगाने पर अधिवक्ता ने की शिकायत, कार्यवाही की मांग
रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित इंडियन कॉफी हाउस रेस्टोरेंट को लेकर अधिवक्ता विवेक तनवानी ने बड़ा कदम उठाया है। तनवानी ने रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज के अलग-अलग साइन बोर्ड नहीं लगाए जाने तथा शाकाहार और मांसाहार की रसोई, बर्तन और बैठक व्यवस्था अलग न होने को लेकर खाद्य सुरक्षा नियंत्रक कमिश्नर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी मौदहापारा को शिकायत सौंपी है।
अधिवक्ता तनवानी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व वे कचहरी चौक स्थित इंडियन कॉफी हाउस चाय पीने गए थे। उन्होंने इसे शुद्ध शाकाहारी रेस्टोरेंट समझकर वहां प्रवेश किया, लेकिन बाद में उन्हें जानकारी मिली कि वहां मांसाहारी व्यंजन भी परोसे जाते हैं। इससे उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची।
उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा एफएसएसएआई (FSSAI) के अंतर्गत जारी लेबलिंग और डिस्प्ले रेगुलेशन 2020 के तहत प्रत्येक रेस्टोरेंट और होटल में अनिवार्य रूप से वेज और नॉनवेज का साइन बोर्ड प्रदर्शित करना होता है। लेकिन इंडियन कॉफी हाउस में इसका पालन नहीं किया जा रहा है।
तनवानी ने मांग की है कि रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज की स्पष्ट सूचना दी जाए। साथ ही शाकाहार और मांसाहार के बर्तन, किचन और बैठक व्यवस्था भी अलग-अलग की जाए, ताकि शुद्ध शाकाहारी ग्राहक रेस्टोरेंट में प्रवेश से पूर्व यह तय कर सकें कि वहां क्या परोसा जा रहा है।
दो लाख रुपये जुर्माने की मांग
अधिवक्ता ने शिकायत में रेस्टोरेंट के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही कर दो लाख रुपये जुर्माना लगाए जाने की भी मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस पर उचित कार्रवाई नहीं हुई और मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे न्यायालय में परिवाद दायर करेंगे।
देशभर में 400 से अधिक शाखाएं
तनवानी ने बताया कि इंडियन कॉफी हाउस की देशभर में करीब 400 से अधिक शाखाएं संचालित हो रही हैं और यह संस्था लाखों-करोड़ों का कारोबार कर रही है। ऐसे में इस तरह के नियमों का पालन न किया जाना गंभीर लापरवाही है।
खाद्य विभाग की सख्ती की दरकार
गौरतलब है कि रायपुर समेत प्रदेशभर में खाद्य सुरक्षा विभाग आए दिन नकली खाद्य सामग्री और खराब गुणवत्ता को लेकर छापामार कार्रवाई करता है। अधिवक्ता तनवानी ने इस मामले में भी विभाग से तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
What's Your Reaction?
Like
7
Dislike
0
Love
0
Funny
1
Angry
2
Sad
0
Wow
0