सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों पर प्रशासन की सख़्ती, दो यूजर्स को नोटिस जारी
सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों पर प्रशासन की सख़्ती, दो यूजर्स को नोटिस जारी
बलौदाबाजार, 18 जुलाई 2025 – सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी फैलाने वालों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आदिवासी विकास विभाग बलौदाबाजार में छात्रावासों के लिए वाटर जग खरीदी को लेकर की गई भ्रामक पोस्ट का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने दो सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को नोटिस जारी किया है।
जिला कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल द्वारा संबंधित पोस्ट की जांच की गई। जांच के बाद यह पाया गया कि पोस्ट में प्रसारित जानकारी भ्रामक है और सार्वजनिक भ्रम की स्थिति उत्पन्न कर सकती है।
प्रशासन की ओर से बलौदाबाजार निवासी यूथ कांग्रेस के जिला समन्वयक राजू कुमार, जिन्होंने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर यह पोस्ट साझा की थी, और साजा भिलाई (जिला दुर्ग) के डिजिटल क्रिएटर सितम बंजारे, जिन्होंने इसे अपने फेसबुक हैंडल पर डाला था — दोनों को नोटिस जारी किया गया है।
इन दोनों व्यक्तियों को 20 जुलाई 2025 को सुबह 11 बजे बलौदाबाजार के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष तथ्यों सहित प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की तथ्यहीन या भ्रामक सामग्री प्रसारित करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है और इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार निगरानी कर रही है ताकि फर्जी खबरों और अफवाहों पर समय रहते लगाम लगाई जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0