"गैंगस्टर बनने चला था फेसबुक पर, पुलिस ने बना दिया सड़क का 'हीरो'"
बिलासपुर में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां कुछ युवकों ने फिल्मी अंदाज़ में खुद को गैंगस्टर और डॉन दिखाने की कोशिश की। उन्होंने बंदूक पकड़े हुए फोटोशूट करवा कर सोशल मीडिया पर "SHOOTER" टाइटल के साथ पोस्टर अपलोड कर दिया। इन युवाओं की नीयत चाहे जो भी रही हो, लेकिन यह करतूत पुलिस की नज़रों से बच नहीं पाई।
बिलासपुर पुलिस ने तुरंत मामले पर संज्ञान लेते हुए सभी लड़कों को थाने बुलवाया। इसके बाद उन्हें बीच सड़क पर उठक-बैठक कराई गई और चेतावनी दी गई कि दोबारा ऐसा करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर क्राइम स्टाइल में एक्टिव रहने वाले युवाओं पर अब विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इतना ही नहीं, इसी तरह की एक कार्रवाई दुर्ग जिले में भी हुई है। वहां 6 ऐसे युवकों को पकड़ा गया, जो अपने आपको सोशल मीडिया पर गैंगस्टर बताकर पोस्ट डाल रहे थे। पुलिस ने इन सभी से पूछताछ की है और उनके मोबाइल की जांच कर रही है कि कहीं किसी बड़े नेटवर्क से ये जुड़े तो नहीं हैं। साथ ही, फोटो में इस्तेमाल किए गए हथियारों की भी जांच की जा रही है कि वो असली थे या नकली।
पुलिस का कहना है कि कुछ युवा फिल्में और वेबसीरीज देखकर अपराध की ओर आकर्षित हो जाते हैं और नाम कमाने की जल्दी में अपराध के रास्ते पर उतर जाते हैं। ऐसे मामलों में सोशल मीडिया अब एक नया प्लेटफॉर्म बन गया है, जहां लोग खुद को अपराधी दिखाकर ‘इंप्रेशन’ जमाना चाहते हैं। लेकिन पुलिस ने अब सख्त रुख अपनाते हुए चेताया है कि ऐसे स्टाइल में स्टेटस डालना अब भारी पड़ेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0