गृहमंत्री विजय शर्मा के आवास के सामने आत्महत्या की कोशिश महिला ने पिया फिनायल मचा अफरा तफरी..
अनुकंपा नियुक्ति की मांग पर धरना, महिला ने फिनायल पीकर दी जान देने की कोशिश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर पंचायत शिक्षा कर्मी अनुकंपा संघ का आंदोलन तेज हो गया है। पिछले दो दिनों से राजधानी रायपुर में धरना दे रही महिलाओं ने शुक्रवार को पंचायत मंत्री विजय शर्मा के निवास के बाहर प्रदर्शन किया। इसी दौरान एक महिला प्रदर्शनकारी अश्वनी सोनकर ने फिनायल पी लिया। गंभीर हालत में उन्हें अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
307 दिन से जारी आंदोलन
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भाजपा सरकार ने वादा करने के बावजूद अब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की हैं। अनुकंपा नियुक्ति को लेकर यह आंदोलन कांग्रेस शासनकाल से ही जारी है। संघ की महिलाएं और परिजन लगातार 307 दिनों से धरने पर बैठे हुए हैं।
कांग्रेस-भाजपा दोनों पर आरोप
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि कांग्रेस सरकार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया था। उस वक्त भाजपा के नेताओं ने आंदोलन को पूरा समर्थन दिया था, लेकिन अब सत्ता में आने के दो साल बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
दिवंगत शिक्षा कर्मियों के परिजन परेशान
धरने पर बैठे लोग वही परिजन हैं, जिनके परिवारजन पंचायत शिक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत रहते हुए नियमों के समायोजन से पहले ही दिवंगत हो गए थे। नियमों में अनुकंपा नियुक्ति का प्रावधान होने के बावजूद इन्हें अब तक नौकरी नहीं दी गई है।
बेटी का दर्द – “पापा की मौत के बाद घर में हालात बिगड़े”
फिनायल पीने वाली महिला की बेटी ने कहा –
“2017 में पापा की मौत हो गई थी। तब से घर की आर्थिक स्थिति खराब है। मम्मी हमेशा कहती थीं कि अगर सरकारी नौकरी मिल गई तो सब ठीक हो जाएगा। लेकिन अब तक न नौकरी मिली और न ही नेताओं ने चुनाव के वक्त किए गए वादे निभाए। इसी वजह से मम्मी ने मजबूरी में फिनायल पी लिया।”
पहले भी हुए अनोखे विरोध
प्रदर्शनकारी बताते हैं कि भाजपा शासनकाल में भी आंदोलन हुआ था। उस समय भी केवल आश्वासन मिला, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। कांग्रेस के समय महिलाओं ने सामूहिक मुंडन कराकर और आरती सजाकर विरोध दर्ज कराया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
0