मुंबई में मानसून का कहर: 8 किमी लंबा जाम, तेज हवाएं और पुणे में बादल फटने से तबाही
मुंबई:मुंबई में रविवार रात से शुरू हुई तेज बारिश ने सोमवार सुबह शहर की रफ्तार थाम दी। मात्र 6 घंटे में 110 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे अंधेरी, दादर, सायन, बांद्रा और विले पार्ले जैसे इलाकों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। इससे वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे और ईस्टर्न फ्रीवे पर 8 किमी तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
BMC ने बताया कि जलभराव के कारण करीब 45 बस रूट डायवर्ट करने पड़े और लोकल ट्रेनों की रफ्तार भी 15 से 20 मिनट धीमी रही। हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ—मुंबई एयरपोर्ट पर 12 फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा।
तेज हवाओं ने बढ़ाई आफत:
रविवार रात करीब 2 बजे के बाद हवा की रफ्तार 80 किमी/घंटे तक पहुंच गई। कई इलाकों में पेड़ गिरने और होर्डिंग उखड़ने की घटनाएं सामने आईं। माटुंगा और सांताक्रूज में कुछ गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
पुणे में बादल फटा, 200 घरों में पानी घुसा:
इधर पुणे में सिंहगढ़ रोड, खड़कवासला और वारजे इलाकों में बादल फटने जैसी स्थिति बनी। एक घंटे में करीब 90 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया। 200 से ज्यादा घरों में पानी घुस गया और लोग रातभर बाल्टियों से पानी निकालते नजर आए।
बिजली-पानी सेवाएं ठप:
बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। PMC के मुताबिक, जलापूर्ति की पाइपलाइनें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिससे मंगलवार तक जल संकट गहराने की आशंका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0