मेरे पापा भगवान हैं, लेकिन उनके आसपास हैं शैतान: के. कविता का भावुक फूट"
तेलंगाना की सियासत में एक बार फिर भूचाल आया है। भारत राष्ट्र समिति (BRS) की नेता और के. चंद्रशेखर राव (KCR) की बेटी के. कविता ने चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने खुलकर आरोप लगाया है कि उनके भाई के. टी. रामा राव (KTR) उन्हें पार्टी से निकालना चाहते हैं।
एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बोलते हुए कविता ने भावुक अंदाज़ में कहा, "मेरे पिता मेरे लिए भगवान जैसे हैं, लेकिन उनके आसपास कुछ ऐसे लोग हैं जो शैतान की तरह व्यवहार कर रहे हैं।"
कविता ने बिना किसी का नाम लिए पार्टी के अंदर चल रही अंदरूनी राजनीति और गुटबाज़ी पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्हें चुप कराने की कोशिश हो रही है क्योंकि वो सच बोलने से नहीं डरतीं।
“मैंने पार्टी के भीतर कुछ गलत चीजों पर सवाल उठाए, और अब मुझे ही बाहर करने की बात की जा रही है। KTR खुद चाहते हैं कि मैं पार्टी से बाहर चली जाऊं," कविता ने कहा।
सूत्रों का कहना है कि पार्टी में भाई-बहन के रिश्तों के पीछे सत्ता की खींचतान शुरू हो चुकी है। KTR को अगला मुख्यमंत्री चेहरा माना जा रहा है, वहीं कविता की बढ़ती लोकप्रियता कुछ नेताओं को नागवार गुजर रही है।
कविता ने यह भी कहा कि अगर उन्हें पार्टी से निकाला गया तो वह जनता के बीच जाकर अपनी बात रखेंगी और चुप नहीं बैठेंगी।
BRS के लिए यह विवाद एक नये संकट की आहट बन गया है। पहले ही दिल्ली शराब नीति मामले में नाम आने से कविता पर दबाव बना हुआ था, और अब यह पारिवारिक दरार पार्टी के भविष्य पर भी असर डाल सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0