आतंकी हमले में मारे गए दिनेश मिरानिया को मुख्यमंत्री ने दी अंतिम विदाई, कहा - “प्रदेश ने बहादुर बेटा खोया”
रायपुर, 24 अप्रैल 2025: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के कारोबारी दिनेश मिरानिया को आज अंतिम विदाई दी गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुद पार्थिव शरीर को कंधा देकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ राज्य के कई वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने दिवंगत मिरानिया को श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए कहा, “आतंकवादियों की इस कायराना हरकत ने न सिर्फ एक निर्दोष जान ली, बल्कि पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया। हमनें अपना एक बहादुर बेटा खो दिया है।” उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
स्मृति को किया जाएगा चिरस्थायी
साय ने घोषणा की कि स्वर्गीय दिनेश मिरानिया की स्मृति को अमर रखने के लिए किसी सड़क या सार्वजनिक स्थल का नामकरण उनके नाम पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा होगी।
आतंक के खिलाफ सख्त संदेश
मुख्यमंत्री ने हमले को पाकिस्तान प्रायोजित बताया और कहा कि इसका माकूल जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “धारा 370 हटने के बाद कश्मीर में जो विकास और शांति आई थी, उसे नुकसान पहुंचाने की ये साजिश है। लेकिन देश एकजुट है और इस अमानवीय कृत्य का जवाब जरूर देगा।”
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल
अंतिम संस्कार में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, विधायक किरण देव, विधायक राजेश मूणत व सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
यह क्षण पूरे प्रदेश के लिए बेहद भावुक और गर्व से भरा था, जब एक व्यवसायी को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई, जिसने केवल व्यापार नहीं, बल्कि समाज और देश के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभाई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0