The Rajim-Fingeshwar-Mahasamund road विधायक रोहित साहू के प्रयासों से संवरेगा राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मार्ग 147 करोड़ रुपए की स्वीकृति से क्षेत्र को मिलेगी बड़ी सौगात
विधायक रोहित साहू के प्रयासों से संवरेगा राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मार्ग
147 करोड़ रुपए की स्वीकृति से क्षेत्र को मिलेगी बड़ी सौगात
राजिम। राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू की सक्रियता और निरंतर प्रयासों से क्षेत्र को एक बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़े राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मार्ग के सुदृढ़ीकरण और उन्नयन के लिए शासन द्वारा 146.86 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह मार्ग लगभग 35 किलोमीटर लंबा है और गरियाबंद तथा महासमुंद जिलों को सीधे जोड़ता है, जिससे हजारों लोगों का दैनिक आवागमन जुड़ा हुआ है।
इस महत्वपूर्ण मार्ग की मरम्मत और उन्नयन की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा वर्षों से की जा रही थी। खराब सड़क की वजह से दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही थी, साथ ही समय और संसाधनों की भी भारी बर्बादी हो रही थी। विधायक रोहित साहू ने जनता की इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए लगातार शासन स्तर पर मुद्दा उठाया और इसे क्षेत्रीय विकास से जोड़ते हुए मजबूती से अपनी बात रखी।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मुलाकात का मिला सकारात्मक परिणाम
विगत दिनों विधायक रोहित साहू ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर इस मार्ग की जर्जर स्थिति और जनभावनाओं से अवगत कराया था। उन्होंने राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मार्ग को क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए इसके शीघ्र उन्नयन की मांग रखी थी। विधायक के आग्रह पर राज्य शासन द्वारा केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया, जिसके बाद अब इस परियोजना को प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है।
हजारों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण से गरियाबंद और महासमुंद जिलों के दर्जनों गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क बेहतर होने से आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राजिम क्षेत्र में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं, जिससे जान-माल का नुकसान हो रहा था। अब सड़क के कायाकल्प से इन समस्याओं पर विराम लगेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
जनता ने जताया आभार, बताया मील का पत्थर
स्वीकृति की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इसे राजिम विधानसभा के विकास में मील का पत्थर बताया है। लोगों ने विधायक रोहित साहू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जनहित की इस मांग को गंभीरता से लिया और उसे धरातल पर उतारने में अहम भूमिका निभाई।
विधायक रोहित साहू का बयान
स्वीकृति मिलने पर विधायक रोहित साहू ने केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव को धन्यवाद देते हुए कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राजिम विधानसभा क्षेत्र की जो भी लंबित मांगें हैं, उन्हें क्रमशः पूरा किया जा रहा है और आने वाले समय में विकास की गति और तेज होगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सुशासन और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। अच्छी सड़कों के माध्यम से ही आम जनजीवन में सुगमता और सुशासन का प्रवेश होता है। डबल इंजन की सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास कार्य दोगुनी गति से हो रहे हैं, जिसका सीधा लाभ राजिम विधानसभा की जनता को मिल रहा है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0