राजनांदगांव में रेत माफियाओं का आतंक: गोली चलने से दहशत, दो घायल, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
राजनांदगांव में रेत माफियाओं का आतंक: गोली चलने से दहशत, दो घायल, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
राजनांदगांव।जिले के वार्ड क्रमांक 49 ग्राम मोहड में सोमवार देर शाम रेत माफियाओं का आतंक देखने को मिला। अवैध रेत उत्खनन का विरोध कर रहे ग्रामीणों पर माफियाओं ने न केवल मारपीट की, बल्कि हवा में फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश भी की। इस घटना में दो ग्रामीण घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर ग्राम मोहड के सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने एक ड्राइवर और जेसीबी मशीन को पकड़ लिया, जबकि गोली चलाने वाला आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेत माफिया अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर रहे थे। जब मोहड के ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो माफियाओं ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की, फिर हालात बिगड़ते देख हवा में गोली चला दी।
पुलिस बल मौके पर रवाना
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मोहड गांव में भारी संख्या में पुलिस बल भेजा गया। गांव में इस समय तनाव की स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध रेत खनन चल रहा है। शिकायत के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे माफियाओं के हौसले बुलंद हो गए हैं। उन्होंने मांग की है कि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो ताकि आने वाली पीढ़ियां इसे याद रखें।
संबंधित अधिकारी का बयान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोली चलाने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0