छत्तीसगढ़ में जनजातीय समुदाय के लिए 15 जून से विशेष अभियान घर-घर जाकर बनाए जाएंगे आयुष्मान कार्ड, 30 जून तक चलेगा अभियान
छत्तीसगढ़ में जनजातीय समुदाय के लिए 15 जून से विशेष अभियान घर-घर जाकर बनाए जाएंगे आयुष्मान कार्ड, 30 जून तक चलेगा अभियान
रायपुर, 13 जून 2025।जनजातीय समुदायों के सामाजिक और स्वास्थ्य हितों को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ में 15 जून से 30 जून 2025 तक 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' चलाया जाएगा। यह अभियान भारत सरकार के आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के निर्देश पर जनजातीय गौरव वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
इस विशेष अभियान में प्रदेश के बस्तर संभाग समेत सभी आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड का पंजीयन किया जाएगा, जिससे अब तक छूटे हुए जनजातीय परिवारों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके।
85 विकासखंडों के 6691 गांवों में पहुंचेगा पंजीयन दल
छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में 85 आदिवासी बाहुल्य विकासखंड और 6691 चिन्हांकित गांव हैं। भारत सरकार के निर्देशों के मुताबिक इन सभी गांवों में पंजीयन दल पहुंचकर हर परिवार तक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना की पहुंच सुनिश्चित करेगा।
इस अभियान के ज़रिए भारत सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जनजातीय समाज को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और पंचायत कर्मचारी निभाएंगे अहम भूमिका
राज्य नोडल एजेंसी छत्तीसगढ़ द्वारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित इस विशेष अभियान में मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और पंचायत कर्मचारी घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड पंजीयन कराएंगे।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य सहायता योजना और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत उन सभी जनजातीय सदस्यों का पंजीयन किया जाएगा, जिनका अब तक कार्ड नहीं बन पाया है।
सभी जिलों को भेजे जा चुके हैं दिशा-निर्देश
अभियान की सफलता के लिए राज्य नोडल एजेंसी द्वारा सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को पहले ही पत्र के माध्यम से सूचित किया जा चुका है। वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण, भारत सरकार भी इस अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है।
राज्य सरकार ने सभी ज़िलों को निर्देशित किया है कि अभियान के दौरान प्रत्येक आदिवासी बाहुल्य ग्राम में 100% घर-घर संपर्क कर आयुष्मान कार्ड पंजीयन कार्य पूरा किया जाए।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0