जौनपुर में रिटायर्ड अफसर की संदिग्ध हालात में मौत, शव कूड़े के ढेर में मिला
जौनपुर में रिटायर्ड अफसर की संदिग्ध हालात में मौत, शव कूड़े के ढेर में मिला
महिला समेत तीन हिरासत में, स्कूटी से शव लाकर फेंकने का CCTV फुटेज मिला
उत्तरप्रदेश जौनपुर।जनपद के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां वाजिदपुर तिराहे के पास कूड़े के ढेर में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान खुटहन थाना क्षेत्र के बैरवा गांव निवासी 65 वर्षीय रामकृपाल यादव के रूप में हुई है, जो रिटायर्ड जिला युवा कल्याण अधिकारी थे।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सबसे पहले शव देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की।
CCTV फुटेज में दिखी महिला और युवक की संदिग्ध हरकतें
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आईं। शनिवार देर रात करीब 2 बजे एक महिला और एक युवक, रामकृपाल यादव के शव को स्कूटी पर लादकर रेड चिली रेस्टोरेंट के पास लाते हैं और उसे कूड़े के ढेर में फेंक कर फरार हो जाते हैं।
तीन संदिग्ध हिरासत में, सेक्सवर्धक दवाएं भी बरामद
पुलिस ने शक के आधार पर महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास से कुछ संदिग्ध वस्तुएं, जिनमें सेक्सवर्धक दवाएं भी शामिल हैं, बरामद हुई हैं।
लाइन बाजार थाना प्रभारी के अनुसार, सभी संभावित एंगल से मामले की गहन जांच की जा रही है। हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही निकाला जा सकेगा।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक रामकृपाल यादव अपने पीछे पत्नी और तीन बेटों को छोड़ गए हैं। जैसे ही उनके परिजनों को इस दर्दनाक खबर की सूचना मिली, परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश और शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0