खड़गे के बयान पर केदार कश्यप का तीखा पलटवार — कहा, ‘शेर के दहाड़ने से सियार भागते हैं, सियारों के चिल्लाने से शेर नहीं भागता’

Kedar Kashyap's sharp retort to Kharge's statement - said, 'Jackals run away when a lion roars, but a lion does not run away when jackals scream' खड़गे के बयान पर केदार कश्यप का तीखा पलटवार — कहा, ‘शेर के दहाड़ने से सियार भागते हैं, सियारों के चिल्लाने से शेर नहीं भागता’
 0

खड़गे के बयान पर केदार कश्यप का तीखा पलटवार — कहा, ‘शेर के दहाड़ने से सियार भागते हैं, सियारों के चिल्लाने से शेर नहीं भागता’

रायपुर, 08 जुलाई 2025।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लगातार छत्तीसगढ़ दौरे पर उठाए गए सवाल पर छत्तीसगढ़ सरकार के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने खड़गे की टिप्पणी को 'कांग्रेस की ओछी और स्तरहीन राजनीति' करार देते हुए कहा कि 'शेर के दहाड़ने से सियार भागते हैं, सियारों के चिल्लाने से शेर नहीं भागता।'

'नक्सलवाद अंतिम सांसें गिन रहा है'

केदार कश्यप ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने की दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ काम कर रहे हैं। उनकी रणनीतियों और फैसलों के कारण प्रदेश में नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है। कश्यप ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अमित शाह की सक्रियता और बस्तर सहित प्रदेशभर में हो रहे सकारात्मक बदलाव हजम नहीं हो रहे हैं, इसी वजह से वे बार-बार अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

'कांग्रेसियों को मोदी-शाह का फोबिया'

मंत्री कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 'कांग्रेसियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का ऐसा फोबिया हो गया है कि वे सोते-जागते उनका नाम लेकर उनकी आलोचना में लगे रहते हैं। कांग्रेस का उद्देश्य केवल गुमराह करना और विकास विरोधी राजनीति करना है।'

'राहुल गांधी बार-बार विदेश क्यों जाते हैं?'

मंत्री कश्यप ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए कहा, 'खड़गे देश को बताएँ कि उनके नेता राहुल गांधी बार-बार विदेश क्यों चले जाते हैं? क्या उन देशों में उनका घर है या ससुराल? संसद का सत्र चलता है, देश में आंदोलन होते हैं, आपदाएं आती हैं — लेकिन राहुल गांधी हर बार विदेश में छुट्टियां मनाते नजर आते हैं।'

कश्यप ने आरोप लगाया कि 'राहुल गांधी विदेश जाकर भारत और देश के संवैधानिक ढांचे के खिलाफ बयानबाजी कर केवल देश की छवि खराब करते हैं।'

'कांग्रेस को आदिवासी हित बर्दाश्त नहीं'

केदार कश्यप ने कांग्रेस पर आदिवासी विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि आज छत्तीसगढ़ में आदिवासी मुख्यमंत्री है, आदिवासी समाज की भलाई के लिए योजनाएँ बन रही हैं, वनाधिकार पट्टे दिए जा रहे हैं, तो कांग्रेस को तकलीफ हो रही है।

उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस के शासनकाल में जंगलों की अंधाधुंध कटाई हुई, आदिवासियों को उजाड़ा गया। आज जब प्रदेश में आदिवासी हितों की रक्षा की जा रही है, तो कांग्रेस बौखला गई है।'

'खड़गे पहले अपने राज्यों की हालत देखें'

वन मंत्री ने खड़गे को सलाह दी कि 'वे पहले उन राज्यों को देखें जहां कांग्रेस की सरकारें हैं। देखें कि वहाँ के आदिवासी समाज की क्या स्थिति है, वहाँ जंगल और प्राकृतिक संपदा का किस तरह दोहन हो रहा है।'

उन्होंने कहा कि 'छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद आदिवासी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है।'

मायने

छत्तीसगढ़ में अमित शाह के दौरे पर खड़गे के सवाल ने प्रदेश की सियासत को गर्मा दिया है। वन मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए एक के बाद एक तंज कसे और भाजपा सरकार की नक्सलवाद पर सख्ती और आदिवासी हितों के लिए किए जा रहे कामों का खुलकर बखान किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0