जशपुर: शराबी पति ने पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या कर शव नदी में दफनाया, गांव में सनसनी
जशपुर: शराबी पति ने पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या कर शव नदी में दफनाया, गांव में सनसनी
जशपुर। जिले के तपकरा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक शराबी पति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी और शवों को पास की उतियाल नदी में रेत के नीचे दफना दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने शराब के नशे में गांववालों के सामने खुद इस जघन्य वारदात की बात कबूल ली।
प्रेम प्रसंग की आशंका, आरोपी फरार
पूरा मामला तपकरा थाना क्षेत्र के साजबहार गांव का है। आरोपी प्रमोद गिद्धी ने पत्नी (36 वर्ष), बेटी (11 वर्ष) और बेटे (6 वर्ष) की हत्या कर शवों को छिपा दिया था। जानकारी के मुताबिक प्रेम प्रसंग के चलते विवाद की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आरोपी घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
रेत हटाकर निकाले गए शव, जंगल में मिली महिला की लाश
सूचना मिलते ही तपकरा पुलिस मौके पर पहुंची और उतियाल नदी किनारे रेत को हटाकर देखा तो बच्चों के शव बरामद हुए। वहीं, कुछ दूरी पर जंगल में महिला का शव पड़ा मिला। तीनों की पहचान परिजनों और गांववालों द्वारा की गई।
एसपी बोले- हत्या का मामला, सभी पहलुओं की हो रही जांच
जशपुर एसपी शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि, "प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। चूंकि प्रमोद गिद्धी ने ग्रामीणों के सामने हत्या की बात स्वीकारी है और घटना के बाद से फरार है, इसलिए वह मुख्य संदेही है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।"
फॉरेंसिक टीम कर रही साक्ष्य जुटाने का काम
तपकरा थाना प्रभारी संदीप कौशिक ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही जशपुर से फॉरेंसिक टीम को मौके पर रवाना किया गया है। सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद साजबहार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0