आंगनबाड़ी सेवाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता लाने विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा
आंगनबाड़ी सेवाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता लाने विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा
रायपुर, जून 2025।महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी ने आज मंत्रालय महानदी भवन में विभागीय कार्यों की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के जिलों की योजनाओं के क्रियान्वयन, आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति और विभागीय प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण का निर्देश
सचिव श्रीमती आबिदी ने सभी जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारियों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण कर जमीनी हकीकत की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केन्द्रों में पेयजल, विद्युतीकरण, स्वच्छता और भवन मरम्मत जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ समय पर पूरा किया जाए।
निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश
बैठक में आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सचिव ने अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने और आवश्यकतानुसार भवनों की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों में समय पर बिजली बिल भुगतान और आकस्मिक व्यय के लिए आबंटित राशि के सही वित्तीय उपयोग पर भी जोर दिया।
बारिश पूर्व सामग्री संग्रहण की व्यवस्था
प्रधानमंत्री जनमन कार्यक्रम के तहत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केन्द्रों में बारिश पूर्व सामग्री संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए सचिव ने मनरेगा अभिसरण योजना के तहत भवनों की भौतिक स्थिति की समीक्षा पर भी चर्चा की।
पोषण आहार और तकनीकी कार्यों की प्रगति पर चर्चा
सचिव श्रीमती आबिदी ने पोषण आहार की जिलेवार उपलब्धता, हितग्राहियों की ई-केवाईसी और आधार मैपिंग जैसे तकनीकी कार्यों को भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तत्परता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों की उपस्थिति
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालक पी. एल्मा, संचालनालय के वरिष्ठ अधिकारी, सभी जिलों के कार्यक्रम अधिकारी और जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0