पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के साथ अपमानजनक व्यवहार, सोशल मीडिया पर विरोध की लहर
पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के साथ अपमानजनक व्यवहार, सोशल मीडिया पर विरोध की लहर
रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व गृहमंत्री श्री ननकीराम कंवर के साथ एक अप्रिय व्यवहार का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में 84 वर्षीय आदिवासी नेता श्री कंवर को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका के समक्ष हाथ बाँधे और सिर झुकाए खड़ा देखा गया है, जबकि राज्यपाल और अन्य अधिकारी सोफे पर बैठे हैं।
इस दृश्य ने प्रदेश की जनता, विशेषकर आदिवासी समाज की भावनाओं को आहत किया है। लोग इसे सिर्फ ननकीराम कंवर का नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी समाज और छत्तीसगढ़ की अस्मिता का अपमान बता रहे हैं।
वरिष्ठ नेता की उपेक्षा पर उठे सवाल
ननकीराम कंवर छत्तीसगढ़ भाजपा के सबसे वरिष्ठ आदिवासी नेता हैं। वे सात बार विधायक, मध्यप्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री रह चुके हैं। उनकी ईमानदारी और जनसेवा की मिसाल दी जाती है।
स्थिति उस समय और भी असहज हो गई जब बैठक में मौजूद अधिकारी और नेता इस व्यवहार को अनदेखा करते रहे। सोशल मीडिया पर लोग लगातार सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतने वरिष्ठ नेता के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया?
प्रदेशभर में हो रही निंदा
इस घटना की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भाजपा और राज्यपाल की कार्यशैली को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। लोग कह रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सभ्यता और संस्कार भूलकर एक वरिष्ठ आदिवासी नेता का अपमान किया है।
जाँच और माफी की माँग
छत्तीसगढ़ की जनता और आदिवासी समाज ने इस घटना पर नाराज़गी जताते हुए राज्यपाल कार्यालय और भाजपा संगठन से माफी माँगने और जाँच कर उचित सम्मान देने की माँग की है।
जनता का कहना है कि इस तरह का व्यवहार न केवल एक नेता का अपमान है, बल्कि पूरे प्रदेश और आदिवासी समाज की गरिमा के साथ किया गया खिलवाड़ है।
वायरल हो रही तस्वीर का विवरण
वायरल तस्वीर में छत्तीसगढ़ राज्यपाल रमेन डेका सोफे पर बैठे हैं, वहीं ननकी राम कंवर हाथ बाँधे, सिर झुकाए खड़े नजर आ रहे हैं। इसी फोटो को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएँ आ रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0