साय मंत्रिमंडल विस्तार कल संभव, 3 नए मंत्री ले सकते हैं शपथ
साय मंत्रिमंडल विस्तार कल संभव, 3 नए मंत्री ले सकते हैं शपथ
हरियाणा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी 14 मंत्री बनने के आसार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल का विस्तार अब 20 अगस्त को होने की संभावना जताई जा रही है। पहले यह विस्तार 18 अगस्त को तय माना जा रहा था, लेकिन अब संकेत मिल रहे हैं कि सीएम साय के विदेश दौरे से पहले ही कैबिनेट विस्तार किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली से अंतिम मार्गदर्शन लेने के बाद बुधवार को मंत्रिमंडल विस्तार की औपचारिक घोषणा हो सकती है।
14 मंत्रियों का फार्मूला लागू करने की तैयारी
फिलहाल छत्तीसगढ़ में 13 मंत्री शपथ ले चुके हैं। संविधान के अनुसार 90 विधायकों वाले विधानसभा में 15 प्रतिशत यानी 13.5 मंत्री बनाए जा सकते हैं। हरियाणा में भी 90 विधायक हैं और वहां 14 मंत्री बनाए गए हैं। इसी आधार पर संभावना है कि मुख्यमंत्री साय भी छत्तीसगढ़ में 14 मंत्रियों का फार्मूला लागू कर सकते हैं।
शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के दरबार हाल में होगा।
विधानसभा अध्यक्ष दिल्ली रवाना
इस बीच, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह दिल्ली रवाना हो गए हैं। उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात का कार्यक्रम है।
चर्चा में ये नाम
मंत्रिमंडल विस्तार में जिन नेताओं के नाम सबसे ज़्यादा चर्चा में हैं, उनमें अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, आरंग विधायक गुरु खुशवंत और दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव शामिल हैं। सोमवार देर शाम राजेश अग्रवाल और खुशवंत साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से वन-टू-वन चर्चा भी की।
इसके अलावा चार-पांच अन्य विधायकों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की है।
अमर अग्रवाल और पुरंदर मिश्रा पहुंचे राजभवन
सोमवार शाम बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल और रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा अचानक राजभवन पहुंचे और पूर्व राज्यपाल रमेश बैस से मुलाकात की। इसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें और तेज हो गईं।
हालांकि बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं ने पहले से ही राज्यपाल से मुलाकात का समय तय कर रखा था और उसी के अनुसार वे राजभवन पहुंचे थे।
इससे साफ है कि साय मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है और कल यानी 20 अगस्त को छत्तीसगढ़ को नए मंत्रियों की सौगात मिल सकती है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0