कलयुगी पिता की हैवानियत: पत्नी से झगड़े के बाद दो मासूम बेटों पर किया धारदार हथियार से हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर
कलयुगी पिता की हैवानियत: पत्नी से झगड़े के बाद दो मासूम बेटों पर किया धारदार हथियार से हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर
मुजफ्फरपुर, बिहार।मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुढ़नी थाना क्षेत्र के माधोपुर चिकनी गांव में एक कलयुगी पिता ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही दो मासूम बेटों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में एक तीन साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में जूझ रहा है।
झगड़े ने ली मासूम की जान
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दिलीप पंडित का बीती रात अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दिलीप ने आपा खो दिया और घर में रखे धारदार हथियार से अपने दो मासूम बेटों पर हमला कर दिया। हमले में तीन वर्षीय कार्तिक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चे को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद आरोपी पिता फरार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दिलीप पंडित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी है और इलाके में लगातार छापेमारी की जा रही है। परिजनों का कहना है कि दिलीप और उसकी पत्नी के बीच कुछ दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। देर रात यह झगड़ा इतना हिंसक हो गया कि उसने अपने ही बच्चों को मौत के घाट उतारने की कोशिश कर दी।
पुलिस का बयान
कुढ़नी थाना प्रभारी रवि प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना में एक बच्चे की मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। उन्होंने बताया,
"पिता ने ही बच्चों पर धारदार हथियार से हमला किया था। पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।"
गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे माधोपुर चिकनी गांव में मातम का माहौल है। मृतक बच्चे की मां बेसुध पड़ी है, वहीं गांव के लोग भी इस हैवानियत से स्तब्ध हैं। लोगों ने प्रशासन से आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने और कड़ी सजा देने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0